द फॉलोअप डेस्क
भाजपा झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह को केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह नियुक्ति गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा की गई है। इस समिति का उद्देश्य केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना और उसकी प्रगति की समीक्षा करना होता है। समिति मंत्रालय स्तर पर हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग को लेकर सुझाव भी देती है।
उद्योग मंत्रालय की सलाहकार समिति की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री करते हैं
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की इस सलाहकार समिति की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री करते हैं, जबकि इसमें सांसदों के साथ-साथ साहित्य, शिक्षा, मीडिया और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट व्यक्तियों को भी शामिल किया जाता है। नामांकन के बाद प्रतिक्रिया देते हुए अजय साह ने इसे अपने लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी देश की सांस्कृतिक पहचान और एकता का मजबूत आधार है तथा इसके व्यापक उपयोग से प्रशासन और जनता के बीच संवाद और अधिक प्रभावी बन सकता है।
उन्होंने केंद्र सरकार और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजभाषा हिंदी और भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस भूमिका में पूरी निष्ठा के साथ हिंदी के संवर्धन और सरकारी कामकाज में उसके बेहतर उपयोग के लिए सक्रिय योगदान देंगे।