रांची
निकाय चुनाव के बीच आदित्य साहू ने राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में हजारों मतदानकर्मी अपने मताधिकार से वंचित हो गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदानकर्मियों के लिए पोस्टल बैलेट की कोई व्यवस्था नहीं की, जिसके कारण बड़ी संख्या में कर्मी वोट नहीं डाल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन सरकार ने निकाय चुनाव में लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी की है।

श्री साहू ने बताया कि उन्होंने सुबह 11 बजे राज्य निर्वाचन आयुक्त से दूरभाष पर बात कर पोस्टल बैलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया था, लेकिन इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि निर्वाचन आयोग राज्य सरकार के दबाव में संवैधानिक निर्णय नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा निकाय चुनाव को लेकर पहले से ही स्पष्ट नहीं रही है। अंत में उन्होंने निर्वाचन आयोग से अविलंब मतदानकर्मियों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
.jpeg)