द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड सरकार के खिलाफ सड़क पर धरना दिया और राज्य सरकार की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में सबसे बड़ा अवरोधक वर्तमान सरकार है। धरने में सांसद मनीष जायसवाल के साथ बरकट्ठा विधायक अमित यादव, कोडरमा विधायक नीरा यादव सहित भाजपा के कई नेता उपस्थित रहे। झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय और नगर निगम चुनाव की तिथि अविलंब घोषित करने की मांग को लेकर गुरुवार को हजारीबाग नगर निगम कार्यालय के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशाल महाधरना आयोजित किया गया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सांसद मनीष जायसवाल ने की। महाधरना में सैकड़ों कार्यकर्ता, पार्षद, पूर्व जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस दौरान मनीष जायसवाल ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और नगर निकाय चुनाव के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने चुनाव की तैयारी तो शुरू कर दी है, लेकिन अब तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने मांग की कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराए जाएं और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैलेट पेपर के बजाय ईवीएम से मतदान कराया जाए।
इस मौके पर बरकट्ठा विधायक अमित यादव, कोडरमा विधायक नीरा यादव सहित दर्जनों भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से नगर निकाय चुनाव की घोषणा जल्द करने की मांग की और बैलेट पेपर के बजाय ईवीएम से चुनाव कराने का आग्रह किया। भाजपा नेताओं की तीसरी महत्वपूर्ण मांग दलीय आधार पर मतदान कराने को लेकर थी। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सभी चुनाव वर्तमान समय में ईवीएम के जरिए हो रहे हैं और हेमंत सरकार बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराकर गड़बड़ी करने का प्रयास कर रही है।
