जामताड़ा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय जामताड़ा में एसआईआर (विशेष मतदाता पुनरीक्षण) को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बीएलए-2 कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस एकदिवसीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल उपस्थित हुए। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता व एसआईआर के बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने की। कार्यशाला की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर के तहत विधानसभा के सभी आठों मंडलों के सदस्यों और कार्यकर्ताओं को तीन अलग-अलग चरणों में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे धरातल पर सजगता से कार्य कर सकें।
'अभी नहीं तो कभी नहीं' के मंत्र के साथ देश सेवा का आह्वान
कार्यशाला में उपस्थित बीएलए-2 और प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अमित मंडल ने कहा कि गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्य केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह कार्य देश सेवा करने का एक सुनहरा और सीधा अवसर है। अमित मंडल ने सभी बीएलए-2 और कार्यकर्ताओं को सरकारी बूथ लेवल ऑफिसर के साथ मिलकर पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय से काम करने की सलाह दी। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि इस पूरी प्रक्रिया के तहत नए और योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ना, गलत या संदिग्ध मतदाताओं के नाम सूची से हटाना और मौजूदा त्रुटियों में सुधार करना बेहद जरूरी है।
घुसपैठ की समस्या पर जताई चिंता, बंगाल का दिया उदाहरण
पूर्व विधायक ने अपने संबोधन में घुसपैठ की गंभीर समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कई ऐसे लोग अवैध रूप से रह रहे हैं जो यहाँ के मूल निवासी नहीं हैं, फिर भी उन्होंने गलत और फर्जी तरीकों से मतदाता सूची में अपने नाम जुड़वा लिए हैं। इसके कारण वे देश के सीमित संसाधनों और योजनाओं का अनुचित लाभ उठा रहे हैं, जबकि जिन वास्तविक नागरिकों को यह फायदा मिलना चाहिए, वे इससे वंचित रह जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे देश आंतरिक रूप से कमजोर और खोखला हो रहा है, जिससे हमारे अपने ही लोगों को रहने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोग जब जागरूक हुए और मतदाता पुनरीक्षण कार्य को सही तरीके से अंजाम दिया, तो करोड़ों संदिग्ध लोग मतदाता सूची से बाहर हो गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 'अभी नहीं तो कभी नहीं' का मूल मंत्र देते हुए देशहित में इस कार्य में अपनी पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
देश और समाज को सशक्त बनाने का संकल्प
कार्यशाला में से सुरेश राय, महेंद्र मंडल, सुनील हासदा, कमलेश मंडल, सुकुमार सर्खेल, चंदन राउत, आभा आर्या, सुजाता सिंह, भैया कमल गुप्त, मनीष दुबे, बालमुकुंद रविदास , कुणाल सिंह सहित भाजपा जिला के सभी पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल एसआईआर टोली, विधानसभा एसआईआर टोली और सभी बीएलए-2 मुख्य रूप से सम्मिलित हुए और इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।