logo

PM मोदी के जन्मदिन को 'सेवा दिवस' के रूप में एक माह मनाएगी बीजेपी, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे कई कार्यक्रम

PM मोदी के जन्मदिन को 'सेवा दिवस' के रूप में एक माह मनाएगी बीजेपी, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे कई कार्यक्रम

द फॉलोअप डेस्क

भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से महीनेभर का ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू करेगी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा और देशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी होगा। इसके जरिए लाभार्थी परिवार प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए दीप जलाएंगे। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें जनभागीदारी, युवा संपर्क और प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के दौरान हुए कार्यों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

7 अक्टूबर को देशभर में होंगे बड़े कार्यक्रम

अभियान के दौरान 7 अक्टूबर को प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 वर्ष पूरे होंगे। भाजपा के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। इस अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में पदयात्रा, मोटरसाइकिल और साइकिल रैलियां तथा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। देशभर में करीब 1,000 स्थानों पर ‘विकसित भारत 2047’ के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘विकसित भारत’ और प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

युवा संपर्क से लेकर स्वास्थ्य और स्वच्छता अभियान तक

भाजपा ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ और ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को नाटक, संगीत और चौपालों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक युवाओं की दो ‘सेवा यात्राएं’ भी निकाली जाएंगी, जिनमें करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। 20 दिनों की ये यात्राएं 10 राज्यों से होकर गुजरेंगी। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान, ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर, स्वास्थ्य शिविर और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले शिविर लगाए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों पर ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली बनाई जाएगी और युवाओं व स्टार्टअप्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

महिला सशक्तीकरण और विकास योजनाओं को भी किया जाएगा रेखांकित

नितिन नवीन ने कहा कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सेवा और समर्पण’ की यात्रा तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों को सामने रखा जाएगा। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से लेकर ‘लखपति दीदी’ और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ तक महिला सशक्तीकरण से जुड़े कदमों का उल्लेख किया। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकार की योजनाओं के जरिए 25 करोड़ परिवार गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, यूनिकॉर्न, ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 37 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है।

Tags - Narendra Modi BJP News Seva Sankalp Modi Birthday Nitin Nabin