रांची
झारखंड भाजपा द्वारा गुरु रविदास जी महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य पर डिबडीह, रांची स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय समरसता संकल्प की भावना के साथ भव्य कलश वंदन अभियान का आयोजन किया गया। समरसता संकल्प अभियान के तहत भव्य कलश वंदन अभियान का शुभारंभ करते हुए कलश वितरण कार्यक्रम में सभी 30 सांगठनिक जिलों के लिए रविदास जी की जन्मभूमि से आई मिट्टी कलश में सौंपकर सुसज्जित रथ को रवाना किया गया। साथ ही संत गुरु रविदास महाराज जी की चलचित्र के समक्ष धार्मिक गुरुओं के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्वलित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष किशुन दास ने किया तथा मंच संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया। समरसता संकल्प अभियान के दूसरे चरण के इस अभियान कार्यक्रम में स्वागत भाषण किशुन दास ने किया।

जाति, भाषा,धर्म के नाम पर बांटने के खिलाफ हम सब लड़ाई लड़ रहे हैं
वहीं प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के संसद सत्र में भाग लेने के कारण रांची में नहीं होने के कारण उन्होंने अपना संदेश लिखित रूप में दिया और सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की कलश को पूरी पवित्रता के साथ झारखंड के सभी जिलों, मंडलो एवं शक्ति केंद्र होते हुए गांव-गांव ले जाना है। उनके संदेश को जन जन तक पहुंचाना है। सभा को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि आज देश को जाति, भाषा,धर्म के नाम पर बांटने के खिलाफ हम सब लड़ाई लड़ रहे हैं।

बाबूलाल मरांडी का समरसता संकल्प अभियान को भव्य रूप से मनाने का आग्रह
उन्होंने कहा कि भाजपा उन सभी महापुरुषों का सम्मान करती है, जिन्होंने धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक या आजादी से पहले या आजादी के बाद किसी भी क्षेत्र में देश की संस्कृति और संस्कारों को समृद्ध बनाने में योगदान दिया है। ऐसे सभी महापुरुष पार्टी के, हम सबों के आराध्य हैं। आपने देखा होगा भाजपा ने वैसे ही महापुरुषों में बिरसा मुंडा जी, अहिल्याबाई होल्कर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, गुरु गोविंद जी की जयंती को भव्य रूप से मनाया ताकि देश उनके योगदान को याद करे। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने समरसता संकल्प अभियान को भव्य रूप से मनाने का आग्रह करते हुए कहा कि आज देश को तोड़ने के लिए राष्ट्रद्रोही ताकतें लगी हुई है। इसलिए हम सबको समाज को जोड़ने का काम करना है। "वसुधैव कुटुम्बकम्", "सर्वे संतु सुखिन, सर्वे संतु निरामया" मूलमंत्र की धारणा को लेकर हम सब चलते हैं। फिर हमारे देश में भेदभाव कैसे हो सकता है, हमें इन चीज़ों को बतानी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह युग पुनर्जागरण का है
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह युग पुनर्जागरण का है। समय समय पर ऋषि मुनियों ने संत परंपरा के माध्यम से भारत की समरसता, एकता से दुनियाँ को अवगत कराया है। संत महाराज समय समय पर इस देश को समझने के लिए इस धरा पर आते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज ने समाज में विद्यमान वैचारिक विकृत को दूर कर मानवीय मूल्य के आधार पर समाज को एकसूत्र में बांधने के लिए जो समरसता का विचार दिया था उसे सुदूर गांव तक इस कलश वंदना अभियान के माध्यम से ले जाकर उनके सन्देश को पहुंचाना है और सभी समाज को जोड़ना है। भाजपा झारखंड प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इस अभियान के उद्देश्यों को बताते हुए कहा कि आज श्रावण मास के बहुत ही पवित्र दिन को कलश प्राप्त करने का अवसर हम सबको मिला है।
उन्होंने कहा कि कोई चलता पदचिन्हों पर, कोई पदचिन्ह बनाता है, सूरमा इस जग में जो घर घर में पूजा जाता है। ऐसे ही महामानव संत शिरोमणि रविदास महाराज के 650 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य पर उनके गांव की मिट्टी युक्त कलश को घर घर, मंदिर मंदिर तक ले कर जाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में इनकी रही भागदारी
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम के द्वारा बनारस जाकर गुरु रविदास जी के गांव से पवित्र कलश लाने वाले सदस्यों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, मुख्य ग्रंथि विक्रम सिंह, पदम महावीर नायक, स्वामी ज्ञान जी महाराज, बाल्मीकि समाज भगत बाल्मीकि, आर्य समाज से संजय, रविदास समाज से दीपक कुमार रवि, दीपक राम आदि मंच पर मंचासीन थे।
वहीं कार्यक्रम के दौरान सरोज सिंह, अमरदीप यादव, मृत्युजंय शर्मा, शोभा यादव, अजय राय, दीनदयाल बर्णवाल, तारिक इमरान, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, विकास प्रीतम, जीतू चरण राम, किशुन दास, राहुल अवस्थी, गंगोत्री कुजूर, आरती सिंह, वरुण साहू, रमेश सिंह, राहुल शाहदेव, रजनीश पांडेय, राकेश भाष्कर,पुष्पा देवी, रामकुमार पाहन, समरी लाल, सीमा सिंह, डॉ संजय सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, सुरेश साहू, दुलाल भुइयां, शशिभूषण मेहता, सीमा शर्मा, सुनीता दास, माया सिंह सिसोदिया सहित काफी संख्या में लोग विशेष रुप से उपस्थित हुए।
