द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर शहर में लगातार बिगड़ती विधि-व्यवस्था और अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं से शांतिप्रिय नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। आम लोगों की इसी पीड़ा को आवाज देने और शहर में अमन-चैन तथा सुरक्षा का वातावरण बहाल कराने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में वरीय आरक्षी अधीक्षक कार्यालय के समक्ष जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। भाजपा जिला कार्यालय से जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता जुलूस के रूप में निकले और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कानून-व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ सशक्त विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से अपराध पर कठोर नियंत्रण, अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि अपहरण जैसी घटनाओं से पूरा शहर दहशत में है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए और ऐसे तत्वों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा मानती है कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और जमशेदपुर को अपराध-मुक्त, भय-मुक्त और शांत शहर बनाना पार्टी की प्रतिबद्धता है। प्रदेश प्रवक्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे और अपहृत युवक कैरव सकुशल अपने परिवार के बीच वापस लौटेगा।
