रांची
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की तैयारी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में सरकार की चोरी और सरकार की डकैती देख ली है। लेकिन अब वोटर चोरी हो रही है। सुप्रियो ने दावा किया कि बंगाल चुनाव में लोकतंत्र को लूटा गया और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियां भी उसी ओर इशारा करती हैं। 
SIR के जरिए भाजपा विरोधी वोटरों को निशाना बनाने का आरोप
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव आयोग का नारा “नो वोटर लेफ्ट बिहाइंड” है, लेकिन बंगाल में लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब झारखंड में भी SIR प्रक्रिया के जरिए भाजपा विरोधी वोटरों के नाम काटने की तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले प्रलोभन देकर लोगों को तोड़ा जाता था, लेकिन अब सीधे वोटर लिस्ट से नाम हटाने की साजिश की जा रही है।
परिसीमन और चुनाव प्रक्रिया पर भी जताई चिंता
उन्होंने BLO और माइक्रो ऑब्जर्वर से बंगाल जैसी गलती नहीं दोहराने की अपील की। साथ ही कहा कि असम की तरह परिसीमन का मॉडल झारखंड में लागू करने की कोशिश हो रही है, ताकि अपने अनुरूप विधानसभा क्षेत्र बनाए जा सकें। सुप्रियो ने कहा कि झारखंड संघर्ष से बना राज्य है और यहां का “निजाम और मिजाज” अलग है, इसलिए चुनाव आयोग को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।