logo

कृषि मंत्री शादी करें तभी होगी झारखंड में बारिश, मेंढक-मेंढकी के ब्याह का जिक्र कर क्या बोल गये BJP विधायक

a569.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र जारी है। गुरुवार को सदन में झारखंड में सूखाड़ की समस्या पर अपनी बात रखते हुए हटिया से बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने प्रदेश में मानसून की बेरुखी पर कृषि मंत्री की चुटकी ली। हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि दुनियाभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। गर्मियों में सर्दी लगती है। सर्दी के मौसम में बारिश होती है। बारिश के मौसम में ताल-तलैया सूख जाते हैं। विकट स्थिति है। उन्होंने कहा कि पहले हमारे बूढ़े-बुजुर्ग, गांव में मेंढ़क और मेंढ़की की शादी कराते थे ताकि सही समय पर बारिश हो लेकिन, झारखंड में तो कृषि मंत्री ही अविवाहित हैं। 

कृषि मंत्री को विवाह कर पत्नी के साथ पूजा करनी चाहिए!
मजाकिया लहजे में विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के कृषि मंत्री अविवाहित हैं। उनको जल्द विवाह कर लेना चाहिए। कृषि मंत्री विवाह के पश्चात अपनी पत्नी के साथ बैठकर अविलंब पूजा-पाठ करें ताकि झारखंड में ससमय बारिश हो। उन्होंने कहा कि बिना बारिश के झारखंड में किसानों की दुर्दशा हो रही है। कृषि कार्य बंद हैं। नवीन जायसवाल जब यह बोल रहे थे तब उनके पीछे बैठे सारठ विधायक रणधीर सिंह और राजमहल विधायक अनंत सिंह भी मुस्कुराते नजर आये। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी इस दौरान मुस्कुरा रहे थे।

 

नवीन जायसवाल ने मंत्रिमंडल विस्तार विवाद पर ली चुटकी
इस बीच नवीन जायसवाल ने यह भी कहा कि कृषि मंत्री को इस बार हटाने का काफी प्रयास किया गया। उनके साथी ही उन्हें मंत्रिपद से हटाने के लिए दिल्ली चले गये लेकिन हटाना तो दूर उनका पांव भी नहीं हिला पाये। नवीन जायसवाल ने कहा कि मैं केवल इतना चाहता हूं कि झारखंड में किसानों की समस्याएं दूर हो। किसानों के हित में फैसले लिए जाएं क्योंकि वे अन्नदाता हैं।