logo

चंपाई सरकार ने 2024-25 के लिए बजट नहीं, जुमला पेश किया है- अमर बाउरी

a448.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

1,28,900 करोड़ रुपये का वर्ष 2024-25 का बजट आज झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने सदन पटल पर रखा। सरकार के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस-राजद कुशासन के अंतिम बजट में विफ़ल हेमंत सरकार भाग-2 ने पूरे प्रदेश को निराश किया है। यह बजट कमज़ोर नेतृत्व, असमर्थ-असक्षम सरकार का आईना है। इस बजट से झारखंड को बहुत उम्मीद थी लेकिन आज जन-उत्थान और विकास की रूपरेखा निर्धारित करने में यह सरकार विफल साबित हुई है।

दिशाहीन बजट से पूरे राज्य को निराशा हुई है!
उन्होंने कहा कि इस दिशाहीन व निराशाजनक बजट से पूरे राज्य को निराशा हुई है। लुभावनी घोषणाओं के मायाजाल व निष्क्रिय क्रियान्वयन से योजनाएं विफल साबित हो रही हैं। जहां बीते बजट की तरह यह भी एक जुमला है, झारखंड सरकार ने जनवरी 2024 तक वर्ष 2023-24 के बजट का मात्र 54 फीसदी राशि ही खर्च किया है तो वहीं दूसरी ओर पिछले बजट में 59 घोषणाएं हुईं, पर 10 ही पूरी हो पाई। इनके प्रति कौन जवाबदेह होगा?

गठबंधन सरकार के खिलाफ फूट रहा है गुस्सा!
अमर बाउरी ने कहा कि झारखंड में साढ़े 4 साल से विकास की राह देख रही जनता का गुस्सा अब झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार के खिलाफ फूटने लगा है। इस बात जनता इस महाठगबंधन वाली सरकार को विदा कर देगी।