बोकारो
JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं तथा आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत बोकारो में प्रदर्शन किया गया। भाजपा बोकारो जिला समिति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

युवा अपनी प्रतिभा के दम पर रोजगार हासिल करना चाहते हैं
कार्यकर्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर हल्लाबोल किया। इस विरोध प्रदर्शन में बोकारो पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर रोजगार हासिल करना चाहते हैं, लेकिन सरकार की व्यवस्था उनके सपनों के साथ खिलवाड़ कर रही है। मधु कोड़ा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर पुलिस केस दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

CID जांच के बजाय CBI जांच
उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराना चाहती है तो CID जांच के बजाय CBI जांच कराए, ताकि जांच की निष्पक्षता पर किसी तरह का सवाल न उठे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार चलाना उनके वश की बात नहीं है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की स्थिति लगातार बदतर हो रही है और जनता अब जाग चुकी है।