logo

अर्जुन सिंह ने संभाला भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार, किसानों के हित में आंदोलन तेज करने का ऐलान

अर्जुन सिंह ने संभाला भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार, किसानों के हित में आंदोलन तेज करने का ऐलान

रांची 
भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सभागार में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अर्जुन सिंह ने विधिवत किसान मोर्चा के अध्यक्ष के रुप में कार्यभार संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अर्जुन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में किसान मोर्चा और मजबूत और सशक्त होगी, इस बात का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि जब किसान विकसित होगा तभी भारत विकसित होगा। जब किसान आत्मनिर्भर होगा तभी भारत आत्मनिर्भर होगा। उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने हेतु हम सब को पार्टी के अधिवक्ता के रूप में काम करना चाहिए और पार्टी के पक्ष को अच्छी तरह से जनता के बीच रखना चाहिए।

मोर्चा  किसानों के हक और अधिकार को लेकर आवाज उठाते रहा है
वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने झारखंड राज्य में गठित किसान मोर्चा की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा किसान मोर्चा  किसानों के हक और अधिकार को लेकर हमेशा आवाज उठाते रहा है। आज पार्टी ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है उसके लिए वे  आभार प्रकट करते हुए पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की कोई जाति नहीं होती है, इस देश में हर नागरिक किसान है। सबसे ज्यादा मेहनत हम किसान मोर्चा को करना होगा। किसान मोर्चा प्रदेश स्तर से लेकर हर बूथ तक पहुंचेगा और किसान मोर्चा को पहले से और अधिक  मजबूत करना पहली प्राथमिकता है। प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि निश्चित रुप से किसान मोर्चा के द्वारा जो मजबूत नींव खड़ा किया गया है उसपर अर्जुन सिंह एक मजबूत इमारत खड़ा करेंगे जो किसानों के हित में काम करेगी। हमारी सरकार ने झारखंड में किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं बनाई थी। 

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया संबोधित 

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि अर्जुन सिंह काफी अनुभवी हैं। इन्होंने कई वर्षों से लगातार काम किया है उस अनुभव का उपयोग करते हुए किसान मोर्चा को सफल बनाने के लिए ये उचित निर्णय लेंगे। प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने अर्जुन सिंह के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन्होंने जिला से लेकर मंडल तक संगठन में सेवा दी है। प्रवास के माध्यम से संगठन को गढ़ने काम किया है। मन समर्पित, तन समर्पित की भावना से काम किया है। यह देश किसानों का है, उसी प्रकार यह राज्य भी किसानों का है। अर्जुन सिंह संगठन के माध्यम से किसानों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक धारदार संगठन बनाकर काम करेंगे, यह उम्मीद करते हैं।  किसान मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि किसान मोर्चा संगठन का एक अहम मोर्चा होता है। अगर यह मोर्चा मजबूत होगा तो पूरा संगठन मजबूत होगा। 

मौके पर ये लोग थे मौजूद 

कार्यक्रम का मंच संचालन विक्रांत उपाध्याय ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय मुंडा ने किया। जबकि कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव, बजरंगी प्रसाद यादव, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह, राजेश कुशवाहा, ऋषिकेश राणा, राजीव शाहदेव, बिनोद ठाकुर सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

 

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - BJP Kisan Morcha Arjun Singh Jharkhand BJP Farmers Issues Ranchi Farmer Welfare