रांची
प्रदेश भाजपा ने बूथ स्तर पर पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। राम नवमी के साथ कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में भाजपा का ध्वज लगाकर उत्सव मनाया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराया और पार्टी के प्रेरणा स्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर अब तक के 45 वर्षों में भाजपा ने अपने आदर्शों और सिद्धांतों को लगातार मजबूत किया है। कार्यकर्ता 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ लगातार सक्रिय हैं। मरांडी ने कहा कि भाजपा की सरकार आज अंत्योदय के रास्ते आत्मनिर्भर भारत की ओर आगे बढ़ रही है। कार्यकर्ता पंच निष्ठा के आधार पर लोकतंत्र की रक्षा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की मजबूती और संविधान की मर्यादा का पालन करते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक मंच पर बढ़ा है और तिरंगे की प्रतिष्ठा भी ऊंची हुई है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का सपना अब साकार हो रहा है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से तीसरी बार मोदी सरकार बनी है। भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता का समर्थन मिला है, जिसके चलते आज 20 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें कार्य कर रही हैं। प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का ध्वज लगाकर स्थापना दिवस मनाया।