logo

इलेक्शन मोड में आई बीजेपी, जून से अगस्त तक होंगे ये कार्यक्रम; बाबूलाल मरांडी ने जारी की सूची

b_marandi.jpeg

रांची 
बीजेपी राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर इलेक्शन मोड में आ गयी है। इसके लिए पार्टी जून से अगस्त तक कई कार्यक्रम करेगी। इसकी सूची झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने जारी कर दी है। मरांडी सूची जारी करते हुए कहा कि आचार संहिता के कारण पीएम मोदी के मन की बात को  स्थगित किया गया था। मोदी के तीसरे कार्यकाल में 30 जून को पहला मन की बात कार्यक्रम होगा। पार्टी का प्रयास है कि बूथ स्तर पर इसे आयोजित किया जाये। 30 जून को हूल दिवस भी है। 1855-56 में सिद्धो कान्हो, चांद भैरव, फूलो झानो के नेतृत्व में अंग्रेजों के विरोध में हूल हुआ था। हजारों लोग शहीद हुए थे। उसी दिन हूल का ऐलान हुआ था। पूरा देश इसे मनाता है। इसी दिन पीएम मन की बात शुरू करेंगे। कहा कि दोनों कार्यक्रम बीजेपी मनायेगी। मरांडी ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जो जनसंघ के संस्थापक थे, उन्होंने जम्मू कश्मीर में धारा 370  और स्पेशल स्टेटस के खिलाफ आंदोलन किया था। बताया कि देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चल सकते। इसके लिए उन्होंने सत्याग्रह किया। बिना अनुमति  के आंदोलन किया। गिरफ्तार हुए और जेल में उनकी हत्या कर दी गई। वे शहीद हो गये। 

मरांडी ने कहा बीजेपी उनका शहादत दिवस भी मनायेगी। कहा, 6 जुलाई को उनका जन्मदिन है। इसे देखते हुए 23 जून से 6 जुलाई के बीच पार्टी कई कार्यक्रम करेगी। इसके लिए कार्यकर्ता और जनता को जागरूक बनाने काम करेंगे। पार्टी ने 5 जून को पर्यावरण दिवस के दिन आह्वान किया था कि देश वासियों को एक पेड़ मां के नाम लगाना चाहिए। इस कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया जायेगा। पार्टी 23 से 6 जुलाई तक कई कार्यक्रम करेगी। मरांडी ने कहा, हम 9 लोकसभा सीटों पर जीते हैं। पार्टी ने तय किया है कि विधानसभा स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कार्यकर्ता, जनता का अभिनंदन किया जायेगा। इन कार्यक्रमों में विधायक, सांसद, नेता कार्यकर्ता सब मौजूद रहेंगे। कहा कि विजय संकल्प सभा के नाम से कार्यक्रम होंगे। विजय का अभिनंदन किया जायेगा और विधानसभा में जीत का संकल्प लिया जायेगा। 6 जुलाई से 15 जुलाई के बीच यह कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जायेगी। कहा इसके लिए विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन भी किया जायेगा। मंडल तक की कार्यसमिति की बैठक होगी। 


कहा विधानसभा की तैयारी के लिए प्रदेश के शीर्ष से लेकर मंडल स्तर तक में कार्यक्रम होंगे। इसके लिए 20 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है। रांची के मोरहाबादी मैदान में इस कार्यक्रम के आयोजन का प्रयास किया जा रहा है। यदि अनुमति नहीं मिली तो दूसरे मैदान के बारे में सोचेंगे। स्थल चयन के लिए भी कमिटी का गठन किया गया है। कहा, विधानसभा का चुनाव करीब है। मुश्किल से 3 महीने का समय बचा है। कहा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र बनाने के लिए समिति का गठन किया गया है। घोषणा पत्र समिति बनाई गई है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण हो रहा है। उसके लिए भी समिति गठित की गई है। मरांडी ने कहा कि दूसरे राज्य से झारखंड आने वाले नेताओं के लिए भाषण के बिंदू निर्धारित करने के लिए भी समिति बनाई गई है। अलग-अलग प्रमंडलों की समस्या के लिए विभिन्न टॉकिंग प्वॉइंट बनाया जा रहा है। इसके लिए भी कमिटी बनाई गई है। अगस्त में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा की तरफ से कार्यक्रम किये जायेंगे। कार्यक्रमों की श्रृंखला बनाई गई है। 


 

Tags - Babulal marandiBJPAssembly ElectionsJharkhand News