logo

भाजपा चौबीसों घंटे और 365 दिन जनसेवा में जुटी रहने वाली पार्टी : आदित्य साहू

ववव1.jpg

द फॉलोअप, रांची

रांची जिला अंतर्गत कांके प्रखंड के बुकरू स्थित शारदा ग्लोबल स्कूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, सभी जिलों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, हाल ही में संपन्न 24 घंटे के प्रवास कार्यक्रम का मूल्यांकन तथा अन्य संगठनात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा चौबीसों घंटे और वर्ष के 365 दिन जनसेवा के लिए समर्पित रहने वाली पार्टी है। जनसेवा ही भाजपा का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहें या विपक्ष में, जनता की सेवा के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता कभी कम नहीं होती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण के बल पर ही भाजपा शून्य से शिखर तक पहुंची है। उन्होंने सभी से आगामी कार्यक्रमों की तैयारी में पूरी तन्मयता के साथ जुटने का आग्रह किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम इतिहास रचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पुलिस की मौजूदगी में हत्याएं हो रही हैं और महिलाओं का घर से बाहर निकलना असुरक्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार से त्रस्त है और परिवर्तन चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की ताकत के बल पर वह दिन दूर नहीं जब झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सरोज सिंह, सुनिता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव, शालिनी बैसखियार, दीपक बंका, सहित सभी जिलों के जिला प्रभारी उपस्थित रहे।


 

Tags - Jharkhand State BJP Organizational Meeting Public Problem