logo

बीजेपी की हाईलेवल कमिटी करेगी डेमोग्राफी बदलाव की जांच, बाबूलाल बोले- ये राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा

a585.jpg

पाकुड़:

झारखंड में डेमोग्राफी बदलाव की जांच भारतीय जनता पार्टी की एक हाईलेवल कमिटी करेगी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने यह जानकारी दी। पाकुड़ के सिंधीपाड़ा स्थित सिंधी भवन में बीजेपी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करने पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने बताया कि बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों में बांग्लादेशी घुसपैठ की वजह से डेमोग्राफी बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि संताल परगना में यह बदलाव स्पष्ट रूप से नजर आता है। उन्होंने कहा कि कमिटी का गठन डेमोग्राफी में बदलाव की जांच करने के लिए किया गया है, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा और चिंता का विषय है। 

झारखंड में घटी है आदिवासियों की आबादी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के संताल परगना में आदिवासियों की आबादी वर्ष 1951 में करीब 44 फीसदी थी, लेकिन आज यह घटकर महज 28 फीसदी रह गई है। आदिवासियों की संख्या में 16 फीसदी की गिरावट आई। 1951 में यहां मुस्लिम आबादी महज 9 फीसदी थी, जो अब बढ़कर 22 फीसदी हो गई है। इसे चिंताजनक स्थिति बताते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संताल परगना, पश्चिम बंगाल से सटा है। पश्चिम बंगाल की सीमा बांग्लादेश से लगती है। यहीं से घुसपैठियों का आगमन होता है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2003 के बाद भारत आने वाले घुसपैठियों का नाम विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण में निकल जाएगा, हालांकि इससे पहले घुसपैठ करने वाले अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए एनआरसी की आवश्यक्ता पड़ेगी। 

बांग्लादेशियों की पहचान कर वापस भेजेंगे
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गृहमंत्री कई बार दोहरा चुके हैं कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करके उनको वापस भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि हम पहले बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करेंगे, उनको डिटेंशन सेंटर्स में रखा जाएगा और फिर जरूरी कार्यवाही पूरी करने के बाद वापस उनके देश भेज दिया जायेगा। 
 

Tags - Demography ChangeIllegal BangladeshiBangladeshi InfiltrationJharkhand BJPBabulal Marandi