logo

गढ़वा नगर निकाय चुनाव में तेज हुई सियासत, मिथिलेश ठाकुर ने झामुमो प्रत्याशी के लिए मांगा जनसमर्थन

MITH1.jpg

गढ़वा
गढ़वा नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मतदान की तिथि नजदीक आते ही सभी प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे हुए हैं। गली-मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान, नुक्कड़ सभाएं और घर-घर संपर्क का सिलसिला तेज हो गया है।
इसी क्रम में बुधवार को मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 स्थित सोनपुरवा में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के समर्पित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।


जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव शहर के विकास की दिशा तय करेगा। यदि जनता का आशीर्वाद झामुमो प्रत्याशी को मिलता है तो नगर परिषद गढ़वा में विकास की गंगा बहेगी। सड़क, नाली, जलापूर्ति, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है। वार्ड नंबर 4 सहित पूरे नगर परिषद क्षेत्र में संतुलित और योजनाबद्ध विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।


मिथिलेश ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी छोटी चुनाव में भी बड़े-बड़े नेताओं को उतारा जा रहा है, जो इस बात का संकेत है कि वे घबराए हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया।
जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। समर्थकों ने झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी की और जीत का दावा किया। चुनावी माहौल को देखते हुए आने वाले दिनों में अन्य दलों के नेताओं की सभाएं और प्रचार अभियान और तेज होने की संभावना है।


 

Tags - Garhwa Local Body Election JMM Campaign Garhwa BJP vs JMM Garhwa Urban Development Agenda Jharkhand Political News