द फॉलोअप, रांची
बोकारो जिले के बेरमो में चार माह की गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्या के मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने रविवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि मामले में हुई छह गिरफ्तारियां पर्याप्त नहीं हैं और मुख्य साजिशकर्ता की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और कांग्रेस के एक विधायक के संरक्षण में मामले को दबाने और मैनेज करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा बोकारो चक्का जाम का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया।

भाजपा ने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने, मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी करने तथा निष्पक्ष पोस्टमार्टम प्रक्रिया में बाधा डालने वाले पुलिस अधिकारियों और मेडिकल कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने बोकारो के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित थानों की भूमिका की जांच कराने की भी मांग उठाई है। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खड़ी है और पार्टी का प्रतिनिधिमंडल एक जून को फिर परिवार से मिलने जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मामले को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष भी उठाया जाएगा।

बाउरी ने आरोप लगाया कि महिला की हत्या के बाद आरोपियों ने ही शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाकर मृतका के पति से दबाव में हस्ताक्षर कराए और अंतिम संस्कार के लिए भी दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि यह घटना कानून-व्यवस्था की विफलता और अपराधियों को मिले राजनीतिक संरक्षण का उदाहरण है। प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दलित हितों की बात करने वाले स्थानीय विधायक घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचे। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज और एससी मोर्चा के प्रवक्ता राकेश भी उपस्थित थे।
