द फॉलोअप डेस्क:
रांची जिला अंतर्गत मांडर प्रखंड के मुड़मा गांव में मंदिरों को तोड़ने और मूर्तियों को खंडित करने के मामले में सियासत गरमा गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गांव का दौरा किया। बता दें कि मुड़मा गांव में गुरुवार देर कथित तौर पर देवी पिंड, शिवलिंग और हनुमान की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया। बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी एसटी मोर्चा के प्रभारी रामकुमार पाहन, बीजेपी ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुरेंद्र महतो भी मौजूद थे।
आदित्य साहू ने ग्रामीणों से जानकारी ली
सांसद आदित्य साहू ने खंडित प्रतिमाओं को देखा और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। आदित्य साहू ने मौके से वरीय पुलिस अधीक्षक से वार्ता की और उक्त घटना पर चिंता जताई। उन्होंने एसएपी से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आदित्य साहू ने घटना के लिए हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन संस्कृति पर हमला हो रहा है। देवी-देवताओं की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया जो बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसे तुष्टिकरण की राजनीति का परिणाम बताया।

हेमंत सरकार को सनातन विरोधी करार दिया
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकारें सनातन विरोधी हैं। सुनियोजित साजिश के तहत मंदिरों और मूर्तियों पर हमला किया जा रहा है। आदित्य साहू ने अपराधियों के सांप्रदायिकरण का आरोप लगाया।