रांची:
18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर अमर बाउरी ने बड़ा दावा किया है। उनका मानना है कि पार्टी का प्रत्याशी जीत के लिए जरूरी संख्याबल प्राप्त कर लेगा। चुनाव आयोग की अधिसूचना आते ही बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारने का मन बना लिया है। अमर बाउरी ने कहा कि राजनीतिक दल के तौर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में अपना प्रत्याशी उतारेगी और जीतेगी भी।

चुनाव में खड़ा होना राजनीतिक दल का अधिकार
प्रत्याशी नहीं उतारने के कांग्रेस पार्टी के सुझाव पर अमर बाउरी ने कहा कि चुनाव में खड़ा होना राजनीतिक दल का अधिकार है। उन्होंने कहा कि झारखंड के 81 विधायक वोट देने का अपना विुवेक, विचार और अधिकार रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने विचारों के साथ पीएम मोदी के 2047 में विकसित भारत के संकल्प, सुशासन के उद्देश्य से बहुमत प्राप्त करने के उद्देश्य से राज्यसभा चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्याशी की जीत में जितने संख्याबल की आवश्यक्ता है, हमें उम्मीद है कि मिलेगा।
राज्यसभा की 2 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव
गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होगा। 4 अगस्त 2025 को दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन के निधन से एक सीट खाली हो गई थी, जबकि इस साल बीजेपी के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल खत्म हुआ है। यदि बीजेपी को 1 सीट पर जीतना है तो उसे 28 विधायकों का वोट चाहिए, लेकिन अभी पार्टी के केवल 21 विधायक ही हैं।