logo

गोड्डा में BJP पर लगा मुस्लिम वोटर्स का नाम कटाने का आरोप, रजनीश यादव बोले- देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हो

a1931.jpg

गोड्डा:

गोड्डा में कथित तौर पर एसआईआर प्रक्रिया के दौरान अल्पसंख्यक मतदाताओं का नाम सूची से हटाने की साजिश का मामला सामने आया है। गोड्डा विधायक और हेमंत कैबिनेट में  श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव के बेटे रजनीश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह दावा किया है कि बूथ संख्या 231के BLA विनय मंडल ने 240 फॉर्म -7 बीएलओ से साइन कराकर अल्पसंख्यक बहुल गांव के मतदाताओं का नाम कटाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।

 

भाजपा के बूथ लेवल एजेंट पर लगा आरोप
वीडियो में रजनीश यादव के साथ एक व्यक्ति बैठा है जो कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी का बूथ लेवल एजेंट  है। उसने  दावा किया कि उसे भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रतिमा भारती ने ये फॉर्म दिए थे और बीएलओ से साइन कराने को कहा था। रजनीश यादव एक फॉर्म भी दिखाते हैं, जिसमें मतदाता के नाम के आगे स्थायी रूप से स्थानांतरित लिखा है। रजनीश यादव अपने पास बैठे एक व्यक्ति की ओर इशारा करते हुए बताते हैं कि इस फॉर्म में जिस व्यक्ति का नाम दर्ज है और जिसे स्थायी रूप से स्थानांतरित बताया गया है, वह यहीं हमारे पास बैठा है। 

बीएलए ने किया चौंकाने वाला दावा
रजनीश यादव ने भाजपा के कथित बीएलए विनय मंडल के हवाले से गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल पर गंभीर आरोप लगाया है। दरअसल, यह व्यक्ति दावा करता है कि पार्टी की एक मीटिंग हुई थी जिसमें मंडल अध्यक्ष प्रतिमा भारती, जिलामंत्री सुभाष और पूर्व विधायक अमित मंडल मौजूद थे। वहीं उन्हें यह 240 फॉर्म-7 दिया गया और कहा गया था कि बीएलओ से साइन कराना है। 

देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग
रजनीश यादव ने कहा कि हमलोग धरना प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन हमने लोकतांत्रिक तरीके से साक्ष्यों के साथ सवाल उठाने का फैसला किया है। रजनीश यादव ने अमित मंडल पर अल्पसंख्यक मतदाताओं  का नाम सूची से हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस जनता ने उन्हें 2 बार विधायक चुना, उनके साथ ऐसा सलूक किया जा रहा है। रजनीश यादव ने कहा कि इस प्रकरण में जिन लोगों का नाम सामने आया है, यदि उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो प्रदर्शन होगा। 

गोड्डा के बसंतराय में भी उठा ऐसा मामला
गौरतलब है कि गोड्डा में यह पहला मामला नहीं है। बसंतराय प्रखंड के 4 बूथों पर भी भाजपा पर ऐसे आरोप लगे हैं। हालांकि, भाजपा ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है कि साहिबगंज और गोड्डा में एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है। उनका आरोप है कि बीएलओ उनकी आपत्तियां दर्ज नहीं करते। पूर्व विधायक अमित मंडल ने तो कहा कि  बीएलओ द्वारा भाजपा के बूथ लेवल एजेंट द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों को सार्वजनिक करना रिप्रजेंटेशन ऑफ पीपुल एक्ट का उल्लंघन है। 

Tags - Jharkhand NewsGoddaSIRMuslim Voter's