logo

BJP 47वां स्थापना दिवस मना रही है, PM मोदी बोले- पार्टी विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध 

वरज3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा  आज 2026 में अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। देशभर के भाजपा कार्यालयों में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट में कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए लिखा कि BJP विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और पार्टी का सामूहिक संकल्प देश को तरक्की और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र हमेशा स्पष्ट रहा है- “नेशनल फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट।” इस भावना के साथ पार्टी का हर कार्यकर्ता राष्ट्र-सेवा में समर्पित है।


भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी, लेकिन इसकी नींव 1951 में बने भारतीय जनसंघ के समय पड़ी थी। जनसंघ की स्थापना श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय ने की थी। 1975–77 की इमरजेंसी के बाद जनसंघ समेत कई दल जनता पार्टी में शामिल हुए, लेकिन मतभेदों के कारण 1980 में अलग होकर भाजपा का गठन किया गया। स्थापना के बाद से भाजपा के दो प्रधानमंत्री रहे हैं, अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी। 1996, 1998 और 1999 के लोकसभा चुनावों में पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 303 सीटें जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।


अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने, देश को तुष्टीकरण से मुक्त रखने और सुशासन व पारदर्शिता स्थापित करने का कार्य किया है। आज भाजपा केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं और सपनों की प्रतिनिधि बन चुकी है।