द फॉलोअप डेस्क, रांची
भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने रविवार को पार्टी कार्यालय में कहा कि उनकी पार्टी ने झारखंड प्रदेश को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए जनहित के सभी मामलों को प्रमुखता से सरकारी तंत्र के समक्ष उठाया है। उन्होंने कहा की जन मुद्दों का समाधान करने की दिशा में पहल करने का निरंतर दबाव भी सरकार पर बनाया है। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रयास से झारखंड के 20 जिलों में मोर्चा का काम हो रहा है। अलग-अलग कार्यों से, कार्यक्रमों से चाहे वह धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, रांची, पलामू, गिरिडीह आदि में हो, कार्यकर्ता पार्टी के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं और आम जनता का भाजमो से जुड़ाव निरंतर हो रहा हैं।

आगामी आम चुनाव में जनता देगी जवाब
धर्मेंद्र तिवारी ने देश एवं राज्य की समस्याओं पर बताया कि लोकसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, आपसी सौहार्द, सदभावना, प्रेम-भाईचारा, मानव धर्म राष्ट्रहित, महंगी शिक्षा और चिकित्सा मुख्य मुद्दा होगा। वहीं राज्य की समस्याओं पर कहा कि विधानसभा का चुनाव राज्य में सरकारी तंत्र की तानाशाही, शिक्षित एवं अशिक्षित बेरोजगारी, सरकार की गलत नीति, वादा खिलाफी, और भ्रष्टाचार, स्थानीय नीति, और पर्यावरण जैसे मुद्दे आज झारखण्ड को भीतर से खोखला कर रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस तरह से 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति के नाम पर युवाओं को ठगा, घोटालेबाजों/माफियाओं को प्रश्रय दिया और उनका मनोबल बढ़ाया, पूरे राज्य में अवैध पत्थर एवं बालू खनन को जिस तरह से बढ़ावा दिया, सघन वनभूमि को भूमाफियायों के हवाले किया, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया, यह सब चीजों राज्य की जनता देख रही है और इसका माकूल जवाब वह आगामी चुनावों में देगी।

लोस /विस चुनाव में उतरेंगे भाजमो के प्रत्याशी
उन्होंने कहा कि पार्टी 7 लोकसभा सीट और 35 से 40 सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ाकर आगामी विधानसभा का चुनाव लड़ेगी, जिसमें दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के 8, उत्तरी छोटानागपुर के 6, कोल्हान के 8, संथालपरगना के 5 और पलामू प्रमंडल के 8 विधानसभा सीट चिन्हित हैं। दोनों चुनावों के लिए हमारी तैयारी चल रही हैं। नववर्ष के जनवरी महीने में कार्यकारिणी की बैठक में चुनावी समीक्षा होगी, जिसमें सभी जिलों के अध्यक्ष महामंत्री उपस्थित रहेंगे। फरवरी महीने में बूथ स्तर की बैठक सभी प्रमंडल में तथा इसके बाद सभी जिलों में की जाएगी।
