logo

BIT मेसरा के हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

BIT मेसरा के हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
BIT मेसरा की हॉस्टल संख्या-9 में रहने वाली छात्रा अंजली सुमन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका गोड्डा जिले की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही BIT थाना प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अंजली अपने कमरे में चली गई थी। इसके बाद काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई और दरवाजा भी नहीं खोला। भोजन के समय भी जब अंजली बाहर नहीं निकली तो उसकी सहेलियों को अनहोनी की आशंका हुई।


 

दरवाजे के छेद से देखा तो फंदे से लटकी थी
सहेलियों ने कमरे के दरवाजे में बने छेद से अंदर झांका तो अंजली पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद छात्राओं ने तुरंत कॉलेज प्रबंधन और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अंजली की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


 

एफएसएल टीम जुटाएगी जरूरी साक्ष्य
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। रात करीब 12:10 बजे तक पुलिस एफएसएल टीम के पहुंचने का इंतजार कर रही थी। टीम के पहुंचने के बाद घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जाएंगे। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

Tags - BIT Mesra Anjali Suman Ranchi News Student Death Jharkhand News