logo

कार से रांची आकर चोरी करता, फिर जमशेदपुर जाकर बेच देता; रूपये से खेलता था जुआ

मपदी5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित कौशल्या कॉम्प्लेक्स में पीपी ज्वेलर्स से 65 लाख रुपये के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने गिरोह के सरगना अमित कुमार सिंह उर्फ अमित सिंगारी और उसके साथी रजनीश लाल को गिरफ्तार किया है। अमित जमशेदपुर के सुंदरनगर का रहने वाला है, जबकि रजनीश सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह का निवासी है। पूछताछ में दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने चोरी के सभी जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। गौरतलब है कि 10 जून की रात पीपी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर 65 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए थे, जिसके बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी थी।


पांच सदस्यीय गिरोह बनाकर देता था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना अमित कुमार सिंह उर्फ अमित सिंगारी ने चोरी के लिए पांच सदस्यीय गिरोह बनाया था। प्रशासन ने उसे पहले ही जमशेदपुर से जिला बदर किया था, लेकिन इसके बावजूद वह छिपकर वहीं रहता था और कार से साथियों के साथ दूसरे जिलों में पहुंचकर ज्वेलरी दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के सभी जेवर मानगो रोड नंबर-15 स्थित मनसा ज्वेलर्स में बेचे जाते थे। इसके बाद पुलिस ने उक्त दुकान में छापेमारी कर चोरी के सभी जेवर बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार यह गिरोह रांची, खूंटी समेत कई जिलों में सक्रिय था। गिरोह के पिल्ले, दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार और मो. अफरोज को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


जुए की लत ने बनाया अपराधी, चोरी का पैसा भी हार जाता था
पुलिस पूछताछ में अमित सिंगारी ने खुलासा किया कि उसे जुआ खेलने की लत थी। वह जुए में काफी पैसा हार चुका था और नुकसान की भरपाई के लिए चोरी करने लगा। चोरी के जेवर बेचकर जो रकम मिलती थी, उसे वह दोबारा जुए में लगा देता था। उसे उम्मीद रहती थी कि एक दिन बड़ी जीत होगी और उसका सारा नुकसान निकल जाएगा, लेकिन अधिकांश रकम वह जुए में ही हार जाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 94 चांदी की अंगूठियां, 128 लॉकेट, 65 ताबीज, 19 जोड़ी कान के रिंग, 28 जोड़ी पायल, 123 जोड़ी बिछिया, 3 मेंहदी हसुला, 1 जोड़ी चरण पादुका, 9 ब्रेसलेट, 30 कड़े, 13 बिछिया और 11 चेन समेत बड़ी मात्रा में चोरी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच करते हुए अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Tags - Ranchi BIT Mesra Jewellery Theft Jharkhand Crime Police