द फॉलोअप जमशेदपुर
बिरसानगर थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास मंगलवार शाम बाइक सवार दो युवकों पर चापड़ से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में दोनों युवक घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी रितिक कुमार दास और संदीप कुमार दास के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बाइक सवार युवकों पर पीछे से हमला
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से लोयला बीएड कॉलेज रोड की ओर जा रहे थे, तभी धोबी मोड़ के पास पीछे से आए बाइक सवार हमलावरों ने उन पर चापड़ से वार कर दिया। हमले में एक युवक के कनपटी और दूसरे की पीठ पर चोट आई है। घटना के दौरान जब दोनों ने भागने की कोशिश की, तो बाइक का नियंत्रण बिगड़ गया और संदीप कुमार सड़क पर गिर गया।

गिरने के बाद भी किया गया हमला, पुलिस जांच में जुटी
बताया गया कि जमीन पर गिरे युवक पर भी हमलावर ने हमला करने की कोशिश की, लेकिन उसने पास पड़े गत्ते से खुद को बचा लिया, जिससे उसके कान के पास हल्की खरोंच आई। घटना के बाद बिरसानगर थाना पुलिस ने दोनों घायलों का प्राथमिक इलाज कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और कारणों की जांच कर रही है।