logo

अब रांची एयरपोर्ट पर 10 रुपये में चाय-कॉफी, 20 मई को केंद्रीय मंत्री करेंगे उद्घाटन

मपोग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द कई नई सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे, किड्स प्ले जोन, लोकल आर्टिस्ट्स एंड हैंडीक्राफ्ट स्टॉल, फ्लाई बरारी और नवनिर्मित बिरसा मुंडा स्टैच्यू की शुरुआत की जाएगी। इन नई सुविधाओं का उद्घाटन 20 मई को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू करेंगे। गुरुवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों और नई सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उड़ान यात्री कैफे खुलने के बाद यात्रियों को महज 10 रुपये में चाय और कॉफी उपलब्ध होगी। इससे आम यात्रियों को राहत मिलेगी और कम खर्च में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।


बच्चों के लिए प्ले जोन, स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मंच
एयरपोर्ट परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष किड्स प्ले जोन तैयार किया गया है। वहीं स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को बढ़ावा देने के लिए हैंडीक्राफ्ट स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां झारखंड की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक और यादगार बनेगा।


20 मई को सुबह 11 बजे होगा उद्घाटन कार्यक्रम
रक्षा राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 20 मई को सुबह 11 बजे प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि इन नई सेवाओं से यात्रियों के अनुभव में सुधार होगा और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की उपयोगिता और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे।

 

Tags - ranchi airport tea facility jharkhand