जमशेदपुर:
जमशेदपुर में अपराधियों के दुस्साहस का एक और मामला शनिवार को सामने आया। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर चार युवकों को निशाना बनाया। घटना के समय रेस्टोरेंट में परिवार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना में तीन युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आयी है। घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान कुल 11 राउंड फायरिंग हुई। हमलावरों की संख्या तीन बतायी जा रही है। इनमें से दो अपराधी कैप पहनकर रेस्टोरेंट के अंदर दाखिल हुए, जबकि उनका तीसरा साथी बाइक लेकर बाहर मौजूद था। फायरिंग के बाद तीनों बाइक से डोबो की ओर फरार हो गये।

रेस्टोरेंट में परिवारों के बीच घुसे हथियारबंद अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय रेस्टोरेंट में लगभग सभी टेबल ग्राहकों से भरी हुई थीं। कई परिवार खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी बिंदल मॉल पहुंचे। कैप पहने दो अपराधी रेस्टोरेंट के अंदर दाखिल हुए, जबकि तीसरा साथी बाहर बाइक के पास मौजूद रहा। रेस्टोरेंट में पहुंचते ही दोनों अपराधियों ने पिस्टल निकाल ली। उन्होंने एक टेबल पर बैठे चार युवकों को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक अपराधी ने युवकों की ओर हथियार तान दिया, जबकि दूसरे ने रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों को नीचे झुक जाने के लिए कहा। हथियार देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गये और टेबल के नीचे या आसपास छिपने लगे। इसके बाद दोनों अपराधियों ने चारों युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही सेकेंड में कई गोलियां चलने से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाहर निकले और अपने तीसरे साथी के साथ बाइक से फरार हो गये।
गोली चलने से पहले ग्राहकों को नीचे झुकने को कहा
घटना के समय रेस्टोरेंट में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोली चलाने से पहले एक अपराधी ने वहां मौजूद अन्य लोगों को नीचे झुक जाने के लिए कहा। रेस्टोरेंट में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। हथियार देखकर लोग डर गये और अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे तथा अन्य सुरक्षित जगहों पर छिप गये। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, इसके बाद अपराधियों ने एक टेबल पर बैठे चार युवकों को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग की। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई और वारदात के बाद हमलावर आसानी से रेस्टोरेंट से बाहर निकल गये।
जिम से निकले युवक ने घायल को कार से पहुंचाया टीएमएच
घटना के बाद घायलों को टीएमएच पहुंचाने में मदद करने वाले रितेश दुबे ने बताया कि वह करीब 1:30 बजे बिंदल मॉल के पहले तल पर स्थित जिम से बाहर निकले थे। वह अपनी कार में बैठने जा रहे थे, तभी एक युवक उनके पास पहुंचा और अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगायी। रितेश के अनुसार, युवक ने बताया कि उसके पेट में गोली लगी है और समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने पर उसकी जान जा सकती है। इसके बाद उन्होंने घायल युवक को अपनी कार में बैठाया और टीएमएच लेकर गये। रास्ते में युवक ने अपना नाम रिजवान बताया। उसने बताया कि वह चार लोगों के साथ रेस्टोरेंट आया था। हालांकि, फायरिंग किसने और क्यों की, इस संबंध में उसने कोई जानकारी नहीं दी।
घायलों की पहचान, पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड
फायरिंग में घायल युवकों की पहचान आदित्यपुर निवासी डोमिनिक सैमसन, आजादनगर निवासी एमडी रिजवान तथा कपाली निवासी कृष्णा चौबे और एमडी दिलशाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों युवक एक साथ उडुपी रेस्टोरेंट क्यों पहुंचे थे और हमलावरों के साथ उनका क्या विवाद था। शुरुआती जांच में घटना को आपसी वर्चस्व से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह और हमलावरों तथा घायलों के बीच पुराने विवाद की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
शहर की सीमाओं पर करायी गयी नाकेबंदी
बिंदल मॉल में दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गयी। पुलिस ने वायरलेस संदेश जारी कर शहर से बाहर निकलने वाले प्रमुख रास्तों पर नाकेबंदी करायी। संभावित फरार आरोपियों के रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी और वाहनों की जांच शुरू कर दी गयी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के अंदर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फायरिंग की जगह, घायलों के बैठने की स्थिति तथा अपराधियों के आने-जाने के रास्तों की जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने रेस्टोरेंट और मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में अपराधियों के मॉल में पहुंचने, रेस्टोरेंट में प्रवेश करने, फायरिंग करने और फिर बाइक से फरार होने की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की है। कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि तीन अपराधी मॉल के अंदर स्थित रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। इनमें से दो अपराधियों ने अंदर जाकर खाना खा रहे चार लोगों को निशाना बनाया और फायरिंग की। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान कुल 11 राउंड फायरिंग हुई। फायरिंग में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है। डीआईजी के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे आपसी वर्चस्व का मामला सामने आ रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक अपराधी की पहचान कर ली गयी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं।
फायरिंग से पहले हुआ था विवाद, पुलिस कर रही जांच
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, रेस्टोरेंट में पहुंचने के बाद चारों युवकों का कुछ अन्य युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद मारपीट और फिर फायरिंग की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी वर्चस्व और आपराधिक गिरोहों के बीच संभावित विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमलावर किस आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं।
विधायक सरयू राय पहुंचे घटनास्थल, पूछा- अपराधियों को संरक्षण किसका
घटना की सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी बिंदल मॉल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में सरयू राय ने शहर में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि बिंदल मॉल जैसे स्थान पर, जहां आम लोग और परिवार बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, वहां दिनदहाड़े हथियार लेकर अपराधियों का पहुंचना गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की कि ऐसे अपराधियों को संरक्षण किसका प्राप्त है।
मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
बिंदल मॉल जैसे व्यस्त व्यावसायिक परिसर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं। घटना के समय मॉल और रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बावजूद हथियारबंद अपराधी बाइक से वहां पहुंचे, रेस्टोरेंट में दाखिल हुए, चार युवकों को निशाना बनाया और फायरिंग के बाद फरार हो गये। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस की प्राथमिकता आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करना और फायरिंग के पीछे की पूरी वजह का पता लगाना है।