logo

जमशेदपुर में बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार; नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे वाहन

jsr_chori.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच साकची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजादनगर निवासी शमशाद आलम और मानगो निवासी अरुण मुखर्जी के रूप में हुई है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की पांच बाइक बरामद की गयी हैं. ये सभी बाइक शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गयी थीं. इनमें से दो बाइक शमशाद के पास से, जबकि तीन बाइक अरुण के पास से बरामद हुई. 
नंबर प्लेट बदल देते थे चोर
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की बाइकों का नंबर प्लेट बदल देते थे और इंजन व चेसिस नंबर मिटाकर उनकी पहचान छिपाने की कोशिश करते थे. मामले का खुलासा 20 मई को करीम सिटी कॉलेज के समीप से हुई बाइक चोरी की जांच के दौरान हुआ. साकची थाना पुलिस ने जांच के क्रम में पहले शमशाद को पकड़ा. पूछताछ में उसने अरुण के शामिल होने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया.
शमशाद करता था चोरी और अरुण बाइक को खपाता था
सिटी एसपी ने बताया कि शमशाद बाइक चोरी करने में माहिर था, जबकि अरुण चोरी की बाइकों को खपाने का काम करता था. शमशाद शहर के विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी कर अरुण को देता था. इसके बाद अरुण उन बाइकों को औने-पौने दाम में बेच देता था. जो बाइक नहीं बिक पाती थीं, उन्हें स्क्रैप में खपा दिया जाता था.

5 बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (JH 05M 8546), हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (JH 05Q 8264), हीरो होंडा पैशन प्रो (JH 05BE 5485), हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर (JH 05BS 0273) और हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो (JH 01F 1394) बरामद की है. पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.

 

Tags - Bike Theives in jamshedpur jamshedpur Bike Theif bike Theft in jamshedpur jamshedpur Crime updates Crime Updates jamshedpur