रांची
रांची पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 12 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं और इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चोरी की बाइक का नंबर प्लेट बदलकर दूसरे लोगों को बेचते थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपाची बाइक से रामपुर की ओर जा रहा है। इसके बाद SSP रांची के निर्देश पर पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस ने सिदरॉल जोड़ा मंदिर के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक नीले रंग की अपाची बाइक (JH01EM-3762) के साथ एक युवक पकड़ा गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम अभय सिंह उर्फ मन्नु सिंह बताया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि बाइक चोरी की है। उसने बताया कि बाइक नामकुम बाजार से चोरी की गई थी और उसे नंबर प्लेट बदलकर बेचने के लिए बेड़ो ले जाया जा रहा था।

असली नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देते थे
अभय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। जेल में उसकी मुलाकात वसीम ओहदार से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर एक गिरोह बनाया। गिरोह के सदस्य रांची के अलग-अलग इलाकों और हाट-बाजारों से बाइक चोरी करते थे।
बाद में बाइक का असली नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देते थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के पास से कुल 12 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। गिरफ्तार सभी 7 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।