logo

“हर घर तिरंगा” के तहत हुसैनाबाद में बाइक रैली का आयोजन, पूर्व मंत्री कमलेश सिंह ने किया नेतृत्व 

BJPO6520.jpg

पलामू 

“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आज हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में तिरंगा यात्रा एवं बाइक रैली का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह और युवा भाजपा नेता सूर्य सोनल सिंह ने किया। रैली का शुभारंभ हुसैनाबाद स्थित पूर्व मंत्री के आवासीय कार्यालय से हुआ, जो नहर मोड़, जयप्रकाश चौक, अंबेडकर चौक, गांधी चौक, भट्ठी मोहल्ला होते हुए पुनः आवासीय कार्यालय पर आकर संपन्न हुई। सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ निकली यह यात्रा नगर के हर कोने में देशभक्ति का संदेश देती रही। हाथों में तिरंगा थामे कार्यकर्ता और नागरिक “भारत माता की जय” तथा “जय हिंद” के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीत “मेरी जान तिरंगा है” की धुन गूंजती रही, जिसने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।

नगर की सड़कों और चौकों पर देशभक्ति का रंग साफ नजर आ रहा था। लोग घरों और दुकानों से निकलकर तिरंगा यात्रा को देख रहे थे और कई स्थानों पर यात्रा में शामिल भी हो रहे थे। युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों—सभी ने हाथ में तिरंगा लेकर इस ऐतिहासिक यात्रा में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। बाइक रैली में शामिल प्रतिभागियों ने अनुशासित ढंग से नगर के प्रमुख मार्गों पर तिरंगे की शान बढ़ाई। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रामप्रवेश सिंह, जिला महामंत्री सोमेश सिंह, मंडल अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और क्षेत्र की सम्मानित जनता मौजूद रही। यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का प्रतीक बना।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest