logo

बोकारो : बारिश-अंधेरे में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 21 वर्षीय युवक की मौत; दो की हालत गंभीर

WhatsApp_Image_2026-08-29_at_2_11_47_PM.jpeg

बोकारो 
बोकारो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तियाड़ा मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात बारिश और अंधेरे के बीच हुए सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान चापाटांड़, पिंड्राजोड़ा निवासी सरोज कुमार (21), पिता बिपिन तिवारी के रूप में हुई है। घायलों में अमित कुमार (19), पिता दिलीप तिवारी और लक्ष्मण कुमार (19), पिता गणेश शामिल हैं। लक्ष्मण की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बहन से राखी बंधवाने घर लौट रहा था लक्ष्मण
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कुमार अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए छत्तीसगढ़ से घर लौट रहा था। ट्रेन से पुरुलिया स्टेशन पहुंचने के बाद वह बस से घर आने के लिए निकला, लेकिन गलती से चंदनकियारी पहुंच गया। इसकी जानकारी मिलने पर उसे घर लाने के लिए सरोज कुमार और अमित कुमार बाइक से चंदनकियारी गए थे।
घर लौटने के दौरान ट्रक से टकराई बाइक
दोनों युवक लक्ष्मण को बाइक पर बैठाकर मोटरसाइकिल संख्या JH09BM-7466 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तियाड़ा मोड़ के समीप सड़क पर खड़े सीमेंट लदे ट्रक संख्या JH09BA-5890 से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था।
बारिश और कम दृश्यता बनी हादसे की वजह
हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और अंधेरा भी था। आशंका जताई जा रही है कि बारिश और कम दृश्यता के कारण बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे उससे जा टकराई।
तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सरोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित कुमार और लक्ष्मण कुमार का इलाज जारी है। लक्ष्मण की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सरोज की मौत से गांव में पसरा मातम
सरोज की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की खबर गांव पहुंचने के बाद चापाटांड़ में भी मातम पसरा हुआ है।
बाइक और ट्रक पुलिस ने किए जब्त
मुफस्सिल थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

Tags - Bokaro News Road Accident Jharkhand News Bike Accident Truck Accident