जमशेदपुर
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मो. हुसाम अख्तर बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिष्टुपुर की ओर जा रहे एक दमकल वाहन से टीएमएच गोलचक्कर के पास उनकी बाइक की टक्कर हो गयी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दमकल वाहन के नीचे चली गयी और युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को ऑटो से टीएमएच हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

परिवार में मातम
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गये। युवक की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर लिया गया है। इस हादसे के बाद शहर के सबसे व्यस्त गोलचक्करों में शामिल टीएमएच गोलचक्कर पर यातायात सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
.jpeg)