द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के कदमा में अपराधियों का हौसला सातवें आसमान पर है। शुक्रवार सुबह फार्म एरिया रोड नंबर-10 पर पूजा कर घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं पाई। पीड़िता सुधा ने बताया कि वह बेटे निलेश राव के साथ सुबह करीब 8.30 बजे पूजा कर लौट रही थीं। तभी बाइक पर पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने झपट्टा मारा। इस दौरान उनके गले का चेन टूट गया और उसका कुछ हिस्सा महिला के पास रह गया, लेकिन बाकी लेकर बदमाश फरार हो गये।

गौरतलब हो कि कदमा में लगातार दूसरी बार ऐसी वारदात हुई है। सुबह-सुबह टहलने और पूजा कर लौटने वालों को निशाना बनाकर अपराधियों ने इलाके की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब महिलाओं और बुजुर्गो के लिए घर से निकलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
.jpeg)