logo

बिहार के 19 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, अगले 4 दिन मौसम रहेगा सक्रिय

bihar_weather.jpg

बिहार 
बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 19 जिलों के लिए बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। उत्तर और मध्य बिहार के अधिकांश हिस्सों में पूरे दिन बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
अगले चार दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। 22 अगस्त को उत्तर बिहार, उत्तर-पश्चिम बिहार और दक्षिण बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं अररिया, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
23 से 25 अगस्त तक कई जिलों में अलर्ट
23 अगस्त को राज्य के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 24 और 25 अगस्त को भी कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। लगातार होने वाली बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में केवल बादलों की आवाजाही बनी रही। राजधानी पटना में दिनभर धूप और बादलों का मिश्रित असर देखने को मिला। हालांकि नमी अधिक होने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। पटना का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लो प्रेशर सिस्टम बना बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास सक्रिय वेल-मार्क लो प्रेशर एरिया और बंगाल की खाड़ी तक फैली मॉनसून ट्रफ लाइन के कारण बिहार में लगातार बादल बन रहे हैं। यही मौसम प्रणाली राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक की प्रमुख वजह बनी हुई है।
 

Tags - Bihar Weather Rain Alert IMD Forecast Monsoon Update Bihar News