logo

औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: डंपर से टकराई वाराणसी-रांची बस, एक की मौत; 22 घायल

एक्सी.jpg

द फॉलोअप,बिहार
वाराणसी से रांची आ रही रेखा बस बिहार के औरंगाबाद जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप NH-19 पर हुई। बताया जा रहा है कि बस ने सड़क निर्माण कार्य में लगे डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य लोग घायल हो गए। 

रांची जा रहे फार्मा कर्मी की गई जान
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। वह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे। अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ कंपनी के काम से रांची जा रहे थे। इसी क्रम में रास्ते में यह दुर्घटना हुई। बस सोमवार रात वाराणसी से रवाना हुई थी और मंगलवार तड़के करीब दो बजे हादसे का शिकार हो गई।

यातायात भी प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऑरंगाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विवेक सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। घायलों में वाराणसी के कई यात्री शामिल हैं। मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Tags - Aurangabad Road Accident NH-19 Accident Bihar Varanasi Ranchi Bus Accident