द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 1 सितंबर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र से तीन अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अपराधियों में मो. तालिबान, गुफरान खान, मो. जाहिद उर्फ मांगन और पप्पू पासवान शामिल हैं।
गोड्डा पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार 1 सितंबर को जिले के विभिन्न थानों के सहयोग से ललमिटया थाना अंतर्गत डकैता चौक पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (संख्या: JH 17Q-9459) को रोका गया। चालक मो. तालिबान से जब मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल को चोरी की होने की बात स्वीकार की।
आरोपी की स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देशानुसार एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने पीरपैंती थाना, जिला भागलपुर की पुलिस के सहयोग से तीन अलग-अलग टीम बनाकर पीरपैंती बाजार में छापेमारी की। इस दौरान गुफरान खान, मो. जाहिद उर्फ मांगन और पप्पू पासवान को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तीनों अपराधियों के पास से कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी से जुड़े कई मामलों का उद्भेदन हुआ है और क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है।
