द फॉलोअप डेस्क
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हनवारा चेकपोस्ट के पास एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन चालक मनीष कुमार, जो भागलपुर (बिहार) का निवासी है, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 12 बोरा में विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और एक सफेद रंग का बोलेरो पिकअप (BR10GA-4204) को जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अवैध विदेशी शराब से लदा एक पिकअप वाहन हनवारा होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर 2 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे हनवारा चेकपोस्ट पर सशस्त्र बलों के साथ वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान एक सफेद बोलेरो पिकअप वाहन हनवारा बाजार की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोका और चालक को पकड़ लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें से 12 बोरे में विभिन्न कंपनी की अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक मनीष कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
