द फॉलोअप डेस्क
भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में झारखंड के देवघर निवासी नवविवाहित दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आरा-बक्सर फोरलेन (एनएच-922) पर अमराई नवादा स्थित राही होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में देवघर निवासी इंजीनियर प्रकाश कुमार सिंह (32), उनकी पत्नी पल्लवी कुमारी (27) और सारण निवासी सौरव कुमार (26) शामिल हैं। वहीं, सौरव के छोटे भाई कुमार गौरव (24) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया है।

15 दिन की यात्रा के बाद लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, प्रकाश कुमार सिंह अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ करीब 15 दिनों से धार्मिक और पर्यटन यात्रा पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, नोएडा, कुल्लू-मनाली और लद्दाख का भ्रमण किया था। सभी लोग झारखंड लौट रहे थे, तभी बिहिया के अमराई नवादा के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई। बताया गया कि प्रकाश कुमार सिंह की शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को हुई थी। परिवार उनके सकुशल लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।