द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा 2025 के परिणामों में सिमडेगा जिले की सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्रा भारती कुमारी ने 94% अंक प्राप्त कर जिला टॉपर का गौरव हासिल किया है। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय ही नहीं, पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
भारती कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित पढ़ाई को दिया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के प्रति लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने यह भी बताया कि आगे की पढ़ाई वह विज्ञान विषय लेकर करेगी और उसका लक्ष्य सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना है। भारती ने कहा, "मैंने हमेशा अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर पढ़ाई की। कक्षा में शिक्षक जो भी समझाते थे, उसे गहराई से समझने की कोशिश करती थी। घर पर भी रोजाना पढ़ाई के लिए समय तय करती थी।"
भारती के पिता सुदर्शन सिंह ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, "हमने हमेशा बेटी को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया और उसकी इच्छाओं को समर्थन दिया। आज उसका सपना साकार होता देखना अत्यंत सुखद है।"विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने भी भारती को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र पाठक ने भी इस सफलता पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की है और साथ उन्होंने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने से संबंधित जानकारी दी