बोकारो
बेरमो विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से जर्जर सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग अब पूरी होने जा रही है। शनिवार को कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने जैनामोड़ के तिलका मांझी चौक से फुसरो के निर्मल महतो चौक तक बनने वाली सड़क का विधिवत भूमि-पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 15.9 किलोमीटर लंबी सड़क को 2-लेन के रूप में चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। इस परियोजना पर 157 करोड़ 89 लाख 69 हजार रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद जैनामोड़ से फुसरो के बीच आवागमन सही हो जाएगा।
ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी
सड़क के चौड़ीकरण से बेरमो क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसके साथ ही रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। भूमि-पूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को विकास के धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना के पूरा होने से जैनामोड़, फुसरो सहित पूरे बेरमो विधानसभा क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सिर्फ आवागमन को आसान नहीं बनाती, बल्कि इससे व्यापार, रोजगार और क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलती है।
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें