बोकारो:
बोकारो रेलवे स्टेशन के छठे नंबर रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का सिरकटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बालीडीह थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जमुई के संदीप के रूप में हुई पहचान
जीआरपी थाना प्रभारी अमरेंद्र कोतवाल ने बताया कि घटनास्थल बालीडीह थाना क्षेत्र में पड़ता है। सूचना मिलने के बाद बालीडीह पुलिस के साथ जीआरपी की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के जमुई जिले के धर्मपुर गांव का रहने वाला था। बताया गया कि संदीप वर्तमान में बोकारो में रह रहा था।

मानसिक रूप से परेशान था संदीप
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में युवक के मानसिक रूप से परेशान रहने अथवा किसी बात को लेकर तनाव में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।