logo

धनबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद,  केबल चोरी का विरोध करने पर BCCL कर्मी को मारी गोली

वममत.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद कोयलांचल में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। धनबाद के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात केबल चोरी का विरोध करने पर हथियारबंद अपराधियों ने एक बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी। घटना सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित बोकारो-धनबाद एनएच-32 किनारे बने बीसीसीएल के समरसेबल पंप के पास हुई। गोली लगने से पंप ऑपरेटर उमेश रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे उमेश रविदास समरसेबल पंप पर नाइट ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और कीमती केबल काटकर चोरी करने लगे। उमेश ने जब इसका विरोध किया तो अपराधियों ने पहले उन्हें धमकाया और फिर तमंचा निकालकर उनके दाएं पैर में गोली मार दी। गोली पैर को आर-पार कर गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक सभी अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।


पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत

घटना के बाद घायल उमेश रविदास को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना के समीप हुई इस वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Tags - Dhanbad BCCL Jharkhand Crime Cable Theft Sonardih