logo

रेल मंत्री से मिले पलामू और चतरा के जनप्रतिनिधि, बड़गढ़-भंडरिया को रेल लाइन से जोड़ने की उठी मांग

WhatsApp_Image_2026-08-11_at_5_39_55_PM.jpeg

गढ़वा
झारखंड के गढ़वा जिले के बड़गढ़ और भंडरिया को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग को लेकर नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चतरा सांसद कालीचरण सिंह, पलामू सांसद बीडी राम, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह तथा बरवाडीह–चिरमिरी–अंबिकापुर–बड़गढ़–भंडरिया रेलवे लाइन निर्माण संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अंबिकापुर–रामानुजगंज–गढ़वा प्रस्तावित रेलवे लाइन के अलाइनमेंट में बड़गढ़ और भंडरिया को शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
प्रस्तावित अलाइनमेंट में शामिल करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री को बताया कि वर्तमान प्रस्तावित अलाइनमेंट में बड़गढ़ और भंडरिया को शामिल नहीं किया गया है, जबकि ये दोनों क्षेत्र लंबे समय से रेल सुविधा से वंचित हैं। स्थानीय लोग कई दशकों से रेलवे लाइन की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिल सका है। ऐसे में अलाइनमेंट में संशोधन कर इन क्षेत्रों को रेलवे परियोजना से जोड़ना आवश्यक है।
रेल संपर्क से विकास को मिलेगी नई गति 
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बड़गढ़ और भंडरिया जैसे पिछड़े एवं दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने से लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रेलवे लाइन के अलाइनमेंट पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
रेल मंत्री ने पुनर्विचार का दिया आश्वासन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मामले पर पुनर्विचार का आश्वासन दिया। उनके सकारात्मक रुख के बाद बड़गढ़ और भंडरिया सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों में रेलवे सुविधा मिलने की नई उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि इन इलाकों को प्रस्तावित रेलवे लाइन से जोड़ दिया जाता है तो यह पूरे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Tags - Garhwa Railway News Ashwini Vaishnaw Bhandaria Bargarh