logo

5 दिन काम की मांग पर बैंक कर्मचारियों का धरना, अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

5 दिन काम की मांग पर बैंक कर्मचारियों का धरना, अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

द फॉलोअप डेस्क
रांची समेत देशभर में शुक्रवार को पांच दिन बैंकिंग और दो दिन साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। रांची में भी बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी धरने में शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि फाइव डे बैंकिंग की मांग वर्ष 2015 से लगातार उठाई जा रही है, लेकिन कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। बैंक कर्मचारियों के मुताबिक 8 मार्च 2024 को भी इस मुद्दे पर सहमति बनने की बात कही गई थी और संशोधन के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिलने के कारण फाइव डे बैंकिंग लागू नहीं हो सकी। कर्मचारियों का कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में पर्याप्त भर्ती नहीं होने से मौजूदा कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। कई कर्मचारी रात 9 से 10 बजे तक काम करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने कहा कि बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस के लिए पांच दिन का कार्य सप्ताह जरूरी है। उनका दावा है कि अत्यधिक काम के दबाव के कारण कई बैंककर्मियों ने आत्महत्या तक की है।

PLI में समानता की भी मांग
बैंक कर्मचारियों की दूसरी प्रमुख मांग PLI यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव में समानता की है। कर्मचारियों का आरोप है कि मौजूदा व्यवस्था में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों को अधिक लाभ मिल रहा है, जबकि बैंकिंग क्षेत्र के करीब 95 प्रतिशत कर्मचारी और अधिकारी स्केल-3 तक हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि PLI व्यवस्था में भेदभाव खत्म कर सभी स्तर के कर्मचारियों को समान और न्यायोचित लाभ दिया जाए।

सितंबर के बाद अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल
बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों के अनुसार सितंबर के अंत में तीन दिवसीय हड़ताल और इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है।

Tags - Bank Employees Five Day Banking Ranchi Bank Strike PLI