द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। उन्हें झारखंड की राजनीतिक और सामाजिक स्थितियों से अवगत कराया। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार के कार्यों की जानकारी दी। प्रदेश कांग्रेस द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

टाना भगतों को जेल भेजने की दी जानकारी
बंधु ने राज्य के सात जिलों में अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) की पर्याप्त आबादी के बाद भी उन जिलों में ओबीसी के लिये स्थानीय नियुक्तियों में संवैधानिक आरक्षण का प्रावधान न होने, लातेहार के टाना भगतों द्वारा अपने जल, जंगल, ज़मीन के शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद उनके ऊपर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने, प्रदेश के भूइहर मुंडा एवं चीक बड़ाईक जनजातीय आबादी सहित अनेक जनजातीय समुदाय के समक्ष खड़ी विविध प्रकार की विकट चुनौतियों, अनुसूचित जनजाति एवं मूलवासियों के साथ ही पलायन का दंश झेलते ओबीसी समुदाय की उन्हें जानकारी दी।

कांग्रेस की सरकार द्वारा जारी योजनाओं का करें प्रचार-प्रसार
कांग्रेस अध्यक्ष ने बंधु से झारखंड की राजनीतिक एवं सामाजिक स्थिति के संदर्भ में कई सवाल पूछे। सरकार के कार्यकलापों की जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच जाकर व्यापक स्तर पर कांग्रेस की विचारधारा के साथ-साथ विभिन्न प्रदेशों में कांग्रेस सरकारों द्वारा जारी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दें। साथ ही खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के संदर्भ में आम लोगों को व्यापक स्तर पर जानकारी पहुंचाएं। उनमें जागरूकता पैदा करने की भी आवश्यकता बताते हुए कई अन्य निर्देश भी दिए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N