logo

बलियापुर में मोबाइल दुकान में सेंधमारी, 20 फोन और 1 हजार रुपये लेकर फरार हुए चोर

बलियापुर में मोबाइल दुकान में सेंधमारी,  20 फोन और 1 हजार रुपये लेकर फरार हुए चोर

द फॉलोअप डेस्क: 

बलियापुर बाजार स्थित माइ मोबाइल गैलेक्सी एंड रिपेयरिंग सेंटर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने सेंधमारी कर दी। चोर दुकान के पीछे की ईंट की दीवार में सेंध बनाकर अंदर घुसे और 20 एंड्राइड मोबाइल फोन और करीब एक हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये। चोरी की जानकारी शनिवार सुबह उस वक्त हुई, जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे। घटना की सूचना मिलने के बाद बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बलालाडीह निवासी दुकानदार मो. तनवीर आलम ने बताया कि वह शुक्रवार शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गये थे। शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो पीछे की दीवार में बनी सेंध देखकर वह हैरान रह गये। इसके बाद जब उन्होंने दुकान के अंदर जाकर सामान की जांच की, तो कई मोबाइल फोन गायब मिले। 

ये सब कुछ ले कर फरार हुए चोर 

दुकानदार के मुताबिक, चोर कोको, सैमसंग और रियलमी कंपनी के कुल 20 एंड्राइड मोबाइल चोरी कर ले गये। इसके अलावा दुकान के ड्रॉअर में रखे करीब एक हजार रुपये नकद भी चोरों ने निकाल लिये। चोर दुकान में पीछे की दीवार तोड़कर दाखिल हुए और चोरी के बाद उसी रास्ते से बाहर निकल गये। घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने तत्काल बलियापुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआइ महेश्वर महतो समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया और दुकानदार से पूरी घटना की जानकारी ली।

स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग 

पुलिस ने ये भी देखा कि चोर दुकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और किस रास्ते से बाहर निकले। इसके साथ ही आसपास की गतिविधियों की भी जांच की गयी। फिलहाल पुलिस चोरी के तरीके और घटना में शामिल संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है।इधर, पर्व-त्योहार के मौके पर बाजार की मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों की चिंता बढ़ गयी है। दुकानदारों का कहना है कि रात के समय बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि रात के समय पुलिस की निगरानी बढ़ने से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
 

Tags - Balapur mobile shop theft Baliyapur theft news Baliyapur mobile shop robbery Dhanbad crime news Dhanbad theft news