logo

विश्व पर्यावरण दिवस पर लोहरदगा को मिला जैव विविधता पार्क का तोहफा

JAIV.JPG

लोहरदगा

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर लोहरदगा के बक्सीडीपा स्थित नव निर्मित जैव विविधता पार्क का उद्घाटन सांसद सुखदेव भगत, उपायुक्त (DC) संदीप कुमार मीणा, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, डीएफओ अभिषेक कुमार जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उपाध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पार्क को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं प्रकृति से जुड़ाव का महत्वपूर्ण केंद्र बताया गया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा के लोगों का वन और प्रकृति के साथ आत्मीय एवं अन्योन्याश्रित संबंध रहा है। हमारा पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है और इसकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।

जैव विविधता पार्क लोहरदगा की पहचान बनेगा

सांसद ने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति में वट वृक्ष, पीपल, आंवला जैसे वृक्षों की पूजा की जाती है, जो प्रकृति के प्रति हमारे सम्मान को दर्शाता है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी लोगों को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बक्सीडीपा का यह जैव विविधता पार्क लोहरदगा की पहचान बनेगा और इसे सुंदर, स्वच्छ एवं संरक्षित रखना हम सभी लोहरदगावासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे समय में पर्यावरण की रक्षा और सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से बेहतर पर्यावरण के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।

Tags - Environmental Conservation Nature Conservation Biodiversity Promotion Climate Change Awareness Environmental Protection