बगोदर
बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला-कपसा मोड़ स्थित सर्विस रोड पर शुक्रवार को अपराधियों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हेसला निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश का माहौल है।
वर्कशॉप संचालक था मृतक
जानकारी के अनुसार, मिथिलेश यादव हेसला में वाहनों की वॉशिंग और सर्विसिंग से संबंधित वर्कशॉप चलाता था। शुक्रवार को वह हेसला-कपसा मोड़ के पास सर्विस रोड पर मौजूद था। इसी दौरान अपराधियों ने गला रेतकर हत्या कर दी गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलने के बाद बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक विनोद सिंह, डीएसपी धनंजय राम और पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।.jpeg)
हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम
हत्या की घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की। सड़क जाम होने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।