द फॉलोअप डेस्क
बेबी देवी की शपथग्रहण की खबर के बाद से डुमरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की चर्चा तेज हो गयी है. कभी भी उपचुनाव की घोषणा हो सकती है. सूत्रों से मिल रही खबर के अनुसार बेबी देवी का मुकाबला यशोदा देवी से हो सकता है. यशोदा देवी आजसू उम्मीदवार के तौर पर उपचुनाव में बेबी देवी के सामने होंगी. हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है. यह लगभग तय माना जा रहा है कि इस बार भाजपा और आजसू मिलकर चुनाव लड़ेगा. एनडीए उम्मीदवार के तौर पर यशोदा देवी महागठबंधन से झामुमो की प्रत्याशी बेबी देवी को चुनौती देंगी.

बीते चुनाव में दूसरे नंबर पर थीं यशोदा देवी
2019 के चुनाव में यशोदा देवी आजसू उम्मीदवार के तौर पर अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं. हालांकि वो भारी अंतर के साथ दूसरे नंबर पर थीं. उस चुनाव में स्वर्गीय जगरनाथ महतो को 71 हजार 128 वोट मिले थे. वहीं यशोदा देवी को 36,840 वोट प्राप्त हुए थे.
भाजपा का साथ मिलने पर बेबी देवी की बढ़ सकती है मुश्किलें
आंकड़ों पर गौर करें तो बीते विधानसभा चुनाव में मिले वोट के अनुसार अगर भाजपा और आजसू साथ आते हैं तो झामुमो के लिए मुश्किल होगी. बीते चुनाव में भाजपा के प्रदीप साहू को 36,013 वोट मिले थे. अगर यशोदा देवी के वोट में प्रदीप साहू के वोट को जोड़ दिया जाय तो यह 72,853 हो जाता है, जो कि दिवंगत जगरनाथ महतो के वोट से अधिक है.

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N